पाकुड़: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने शुक्रवार शाम नगर थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई परिवहन विभाग, झारखंड के निर्देश पर की गई।शाम 6:30 बजे से रात 10 बजे तक पाकुड़–पश्चिम बंगाल बायपास रोड, मुफस्सिल क्षेत्र और नगर थाना मुख्य मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान छोटे-बड़े निजी और व्यावसायिक वाहनों की बारीकी से जांच की गई। अवैध रूप से लगाए गए हाई बीम लाइट, मल्टी टोन हॉर्न, अतिरिक्त लोहे के एंगल, रिफ्लेक्टिव टेप और वाहन कागजातों की पड़ताल की गई।
करीब 50 से 100 वाहनों की जांच में 50–60 वाहनों के कागजात अधूरे पाए गए। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल ₹3,35,650 का जुर्माना वसूला गया।जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाई बीम लाइट और मल्टी टोन हॉर्न सामने से आने वाले चालकों की आंखों पर सीधा असर डालते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध कागजात के वाहन संचालन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, अमित कुमार राम, अजहद अंसारी सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को मौके पर ही सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी शिकंजा कसता रहेगा।


