हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापोखुर्द में आठ लोगों को कुचल देने वाले मामले का उद्वेदन कर दिया है .इस घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर मौत भी हो गई थी और 6 लोग जो घायल हुए थे. उनका इलाज हजारीबाग और रिम्स में चल रहा है .इस मामले में पुलिस में कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. पूरी घटना के पीछे आपसी मतभेद बताया है. हजारीबाग एसपी ने स्पष्ट किया है कि गाड़ी कुचलने से नहीं बल्कि मारपीट से दो लोगों की मौत हुई थी और छह लोग घायल हुए थे.
हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापोखुर्द में 5 मार्च को दिल दहलाने वाली घटना घटी थी. जहां चार पहिए वाहन ने 8 लोगों को कुचल देने की बात प्रकाश में आई थी. जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी. इस घटना को लेकर हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने एसआईटी का गठन किया था.
टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार करते हुए घटना का उद्भेदन कर दिया है. बताया कि घटना के पीछे आपसी मतभेद था. हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पाया गया विकास कुमार का पूर्व में ईटा भट्ठा के व्यापार करने के क्रम में विनोद साव ,संजय साहू, रोहित साहू से विवाद चल रहा था. जिस कारण उन लोगों के बीच बराबर तनाव बना रहता था. उक्त विवाद को लेकर आरोपी विकास कुमार उक्त तीनों लोगों से काफी गुस्से में था. इसी क्रम में 4 मार्च को होली मनाने के दौरान विकास कुमार रांची से अपना घर नापोखुर्द आया था .उस दिन भी विनोद साव,संजय साव एवं अन्य लोगों के बीच कुछ बात को लेकर झंझट हुआ था. झंझट के बाद विकास कुमार और उनके दोस्तों ने मिलकर इसका बदला लेने के लिए रणनीति बनाया. आरोपी विकास कुमार, प्रभात कुमार, कुलदीप कुमार, दीपक कुमार, पारसनाथ महतो ,घनश्याम कुमार ,नागेंद्र गंझू ने मिलकर बदला लेने के लिए लाठी डंडे के साथ जिसे विवाद चल रहा था उनके घर बदला लेने निकल गये .रास्ते में ही डीजे बजा कर सभी नाच रहे थे. ऐसे में विकास कुमार तेजी से स्कॉर्पियो चलाते हुए उन लोगों पर गाड़ी चढ़ा दिया. गाड़ी रोक कर गाड़ी में रखे हुए लाठी लोहे के रड और पाइप से विनोद साव एवं अन्य लोगों के साथ मारपीट करने लगा. मारपीट के क्रम में ही रोहित कुमार और प्रदीप कुमार की घटनास्थल पर मौत हो गई. 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद विकास कुमार अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से बैठकर तेजी से भाग रहा था .इसी क्रम में गाड़ी अनियंत्रित होकर बिजली के खंबे से जा टकरा कर पलट गई. जिसके बाद सभी आरोपी गाड़ी से निकलकर भाग गए.
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कॉर्पियो वाहन से कुचल की मौत नहीं हुई है. घटना के पीछे आपसी मतभेद है. गाड़ी के मालिक के बारे में जानकारी मिल चुकी है. बहुत जल्द उसकी गिरफ्तारी होगी. दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में पुलिस लिखा हुआ एक बोर्ड पाया गया है.आखिर वह बोर्ड कैसे लगाया गया इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है.
