जामताड़ा जिले के सिविल कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार कोर्ट को एक संदिग्ध ईमेल भेजकर धमकी दी गई है। इस ईमेल में ड्रोन के जरिए बम हमला करने की बात कही गई है। धमकी कथित तौर पर तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से बताई जा रही है।
ईमेल मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत अलर्ट मोड में आ गया है। सुरक्षा के मद्देनजर जामताड़ा सिविल कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर दी गई है और चारों ओर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) नीतीश कुमार सांगा ने स्वयं कोर्ट परिसर और अधिवक्ता भवन का निरीक्षण किया। वहीं हेड क्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच को और मजबूत बनाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कोर्ट परिसर के कमरों, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट…..

