देवघर” आगामी चैती छठ, ईद-उल-फितर एवं रामनवमी पर्व को लेकर जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से देवघर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन आम नागरिकों से अपील करती है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक जानकारी या भड़काऊ पोस्ट साझा करने से बचें।
व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) सहित विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों पर साइबर सेल की एक विशेष टीम लगातार नजर बनाए हुए है। त्योहारी सीजन के दौरान यदि कोई व्यक्ति ऐसी सामग्री पोस्ट करता है जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हों, सामाजिक सौहार्द बिगड़े या किसी प्रकार की अफवाह फैले, तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जानकारी हो कि भड़काऊ पोस्ट करना, गलत सूचना फैलाना अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में पोस्ट करने वाले व्यक्ति की जवाबदेही तय की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देवघर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेशों पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। यदि सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक पोस्ट दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
जनता की सतर्कता और सहयोग से ही जिले में शांति, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखा जा सकता है।किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें।
।।आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।।
देवघर पुलिस
।।देवघर पुलिस सदैव आपकी सेवा में तत्पर ।।
वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा हेल्पलाइन न.
9296913007
साईबर हेल्प लाइन नंबर : 1930
कंट्रोल रूम नंबर :-9241821642 /112

