दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।मिली जानकारी के अनुसार मसलिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ि गांव के समीप एक पेड़ से लटका हुआ युवक का शव देखा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मसलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।ग्रामीणों के अनुसार मृतक की पहचान मसलिया थाना क्षेत्र के पुतुलजोड़ गांव निवासी स्वर्गीय सोम मरांडी के 35 वर्षीय पुत्र बिनोद मरांडी के रूप में की जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
