गोड्डा जिला के पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम महुआसोल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर हुई 4.5 लाख रुपये की लूट कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की रकम और हथियार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से पथरगामा से गोड्डा जा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर उसे रोककर 4,50,000 रुपये लूट लिए थे। पीड़ित कमल किशोर सिंह के लिखित आवेदन पर पथरगामा थाना में मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में युगल किशोर यादव, कृष्णा यादव उर्फ जगा, संजीव कुमार यादव उर्फ घोल्टा, ब्रह्मदेव तांती और सूरज कुमार भगत शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 4,06,700 रुपये नकद, एक देशी कट्टा, एक गोली और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में पथरगामा पुलिस के अधिकारियों और तकनीकी शाखा की अहम भूमिका रही।
गोड्डा से शंकर सुमन की रिपोर्ट……..
