देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कुछ लोग फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान वसीम अंसारी, राजेश दास, कैलाश कुमार दास, दिवाकर दास और अजीत दास के रूप में हुई है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजन, गूगल पे और एयरटेल पेमेंट बैंक का फर्जी अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, लोन दिलाने और बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर भी लोगों से ठगी की जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को फर्जी लिंक भेजकर या ओटीपी साझा करवाकर बैंक खातों से रकम उड़ाते थे।
बरामद सिम कार्डों की जांच के दौरान दो सिम कार्ड ‘प्रतिबिंब’ पोर्टल पर पहले से ब्लैकलिस्टेड पाए गए। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, ट्रांजैक्शन डिटेल्स और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है।
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर या संदिग्ध ऑनलाइन लिंक पर भरोसा न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
