जसीडीह और कुण्डा क्षेत्र में पुलिस की बड़ी छापेमारी, भारी मात्रा में मादक पदार्थ, नकदी और वाहन जप्त…..
देवघर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक देवघर को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर 15 मई 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जसीडीह थाना क्षेत्र के जसीडीह रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित चटर्जी बगान तथा कुण्डा थाना क्षेत्र के नैयाडीह मैदान के झाड़ी-जंगल इलाके में औचक छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में गांजा जैसे मादक पदार्थ बरामद किए गए।
पुलिस ने कुल करीब 20 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद कर विधिवत जप्त किया है। मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 172/2026 दिनांक 15 मई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (II) (बी) एवं 22 (बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार मंडल, राजेश यादव, रामदेव महथा, दिनेश शाह, परशुराम मंडल और योगेंद्र मंडल शामिल हैं। सभी आरोपी बिहार और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
बरामद सामानों में दो बैगों में पैक कुल 10-10 पैकेट गांजा, लगभग 28 हजार 500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, रेलवे एंट्री परमिट कार्ड, दोपहिया वाहन तथा अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस ने एक यामाहा एफजेडएस मोटरसाइकिल भी जप्त की है, जिसकी सीट के नीचे से अतिरिक्त 172 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। रामदेव महथा के खिलाफ नगर थाना में वर्ष 2024 में मारपीट, रंगदारी और धमकी से संबंधित मामला दर्ज है, जबकि दिनेश शाह के खिलाफ वर्ष 2018 में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज हो चुका है।
इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ सदर अशोक कुमार सिंह, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, तकनीकी शाखा के पदाधिकारी एवं पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे। देवघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
