देवघर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर की खेप लेकर कुछ तस्कर मोहनपुर इलाके में पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी के दौरान बड़ा झरना-खरगडीहा कच्ची सड़क के पास खड़ी एक कार और मोटरसाइकिल की जांच की गई। इस दौरान बंगाल के वीरभूम जिले से आए दो सप्लायर शेख इस्ताजुल और मीर समद समेत स्थानीय निवासी रोहित कुमार और निरज कुमार महथा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से करीब 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर, एक लाख 49 हजार 300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वीरभूम जिले के दुबराजपुर क्षेत्र से झारखंड, बिहार और बंगाल में ब्राउन शुगर की सप्लाई की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
