देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र में चांदन नदी से बरामद अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मृतका की पहचान रिंकू कुमारी (21 वर्ष), पिता परमेश्वर राजवंश, निवासी रिखिया के रूप में हुई थी। इस मामले में रिखिया थाना कांड संख्या 66/26, दिनांक 19 मई 2026 को धारा 103(1)/238(3)(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर देवघर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी, प्रौद्योगिकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों श्रवण राजवंश (27 वर्ष), राहुल कुमार (19 वर्ष) एवं राजदेई देवी (29 वर्ष), सभी निवासी रिखिया थाना क्षेत्र को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 16 मई की शाम नदी में नहाने के दौरान मृतका के साथ विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसकी हत्या कर शव को नदी किनारे झाड़ी में छिपा दिया गया। बाद में रात के समय शव को गड्ढा खोदकर नदी में बालू से ढक दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है।
