पाकुड़ जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुफसिल थाना क्षेत्र के पुष्पानगर स्थित एक चाय दुकान में छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर और गांजा की बिक्री का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक सप्लायर की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि पुष्पानगर में एक चाय दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखते ही कई लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने अंसारूल शेख और सादुल शेख को पकड़ लिया।
तलाशी में अंसारूल शेख के पास और उसकी दुकान से कुल 21 पुड़िया ब्राउन शुगर (7.07 ग्राम), 26 पुड़िया गांजा (54.73 ग्राम) तथा 2310 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में अंसारूल ने बताया कि झिकरहाट्टी निवासी बदरूल शेख पश्चिम बंगाल से नशीले पदार्थ लाकर सप्लाई करता था।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
