देवघर नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए एक बार फिर सख्त अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने टावर चौक से लेकर शिक्षा सभा चौक तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान बुलडोजर की मदद से कई अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया, जबकि सड़क किनारे लगाए गए ठेले और दुकानों को भी जब्त किया गया।
मुख्य बाजार क्षेत्र होने के कारण टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक प्रतिदिन भारी भीड़ रहती है। बावजूद इसके कई दुकानदार सड़क और फुटपाथ तक अपनी दुकानें फैलाकर अतिक्रमण कर लेते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए नगर निगम ने यह विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा नहीं करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। कई दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया और उन्हें भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।
नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
