जमशेदपुर/डुमरिया।
पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों को सांप काटने के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किए जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है।
पहली घटना बहादुरपुर गांव के झाबाबोला टोला की है। यहां 18 वर्षीय सोरवी सरदार रात में अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान एक करैत सांप ने उसकी गर्दन और बाएं हाथ की उंगली पर डंस लिया। परिजनों ने उसे तुरंत डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचने तक उसके शरीर में जहर तेजी से फैल चुका था। जमशेदपुर ले जाने के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
दूसरी घटना बेसरापहाड़ी गांव में हुई। यहां 28 वर्षीय निनी महाकुड़ को देर रात करैत सांप ने बाएं हाथ में डंस लिया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। सांप की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसे पकड़कर एक बोतल में बंद कर अस्पताल भी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भी एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन जहरीले सांप के जहर का असर बढ़ने से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से रात में जमीन पर नहीं सोने, घर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सांप के डंसने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की है।
