देवघर: सारठ थाना पुलिस ने मध्य विद्यालय करमा के कंप्यूटर कक्ष में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए तीन दिनों के भीतर दो आरोपियों और एक निरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए अधिकांश सामान भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मध्य विद्यालय करमा के प्रधानाध्यापक पंचानंद राय द्वारा 11 जून 2026 को सारठ थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष से कंप्यूटर एवं अन्य उपकरणों की चोरी का मामला दर्ज कराया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देश पर सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान ग्राम करमा निवासी शशिकांत सिंह के घर से चोरी के सामान बरामद किए गए तथा उसकी निशानदेही पर अन्य स्थानों से भी कई उपकरण बरामद किए गए।
बरामद सामानों में 2 सीपीयू, 1 यूपीएस, 1 प्रिंटर, 1 हार्ड डिस्क, 3 बैटरियां, 3 मॉनिटर, की-बोर्ड, केबल, 2 माउस, 1 बैटरी चार्जर, 1 आईकॉन कैमरा, 4 पेन ड्राइव, 3 मोबाइल फोन तथा 2 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में शशिकांत सिंह (19 वर्ष), मनीष कुमार राणा (22 वर्ष) तथा एक 16 वर्षीय निरुद्ध बालक राजकुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सारठ थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
सारठ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
