गोड्डा। बलबड्डा थाना क्षेत्र के परसा गांव स्थित बड़का बांध पोखर से चोरी हुए दो सोलर चालित मोटर पंप मामले का गोड्डा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गए दोनों सरकारी मोटर पंप, घटना में प्रयुक्त टेम्पू तथा तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 27/28 मई 2026 की रात जेएसएलपीएस की समुदाय आधारित क्लाइमेट स्मार्ट अवसंरचना योजना के तहत सिंचाई के लिए लगाए गए दो सोलर चालित मोटर पंप अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में बलबड्डा थाना में कांड संख्या 34/2026 दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिहार के भागलपुर जिले के बरियारपुर गांव से मनीष मंडल, छोटू कुमार मंडल उर्फ राजकुमार मंडल, शहनवाज मंसूर और नितीश कुमार को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने महागामा थाना क्षेत्र में पीएम कुसुम योजना के तहत लगाए गए मोटर पंप की चोरी तथा मेहरमा थाना क्षेत्र में एक दुकान में चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अन्य मामलों में भी इनकी भूमिका की जांच कर रही है। कांड में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस अभियान में बलबड्डा, महागामा और मेहरमा थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।
गोड्डा से शंकर सुमन की रिपोर्ट……….


