रांची: दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 2025-26 में 500 में 500 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्रा को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अवनी की यह सफलता केवल डीपीएस रांची की ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
अजय राय ने कहा कि अवनी ने अपनी प्रतिभा और अथक मेहनत से पूरे देश में झारखंड का मान बढ़ाया है तथा लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने इस सफलता के लिए अवनी के माता-पिता, विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी बधाई दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में परिवार और शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने अवनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पुनः हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
