देवघर जिले के कृषि इतिहास में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने समाहरणालय परिसर से 01 टन आम्रपाली आम की विशेष पैकेजिंग खेप को हरी झंडी दिखाकर दुबई के लिए रवाना किया। यह पहली बार है जब जिले की महिला किसानों द्वारा उत्पादित आम सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार में भेजा जा रहा है। आमों को वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार कर लखनऊ के माध्यम से दुबई निर्यात किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि यह उपलब्धि स्थानीय महिला किसानों की मेहनत, मनरेगा टीम और मनोन्नति मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसायटी (एफपीओ) के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने से महिला किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने जेएसएलपीएस के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अभियान का दायरा बढ़ाया जाए और अधिक से अधिक महिला किसानों को एफपीओ से जोड़कर निर्यात आधारित कृषि से लाभान्वित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि देवघर के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उत्साहित महिला किसानों और एफपीओ से जुड़ी दीदियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि प्रशासन के सहयोग से अब उनकी मेहनत का फल देश ही नहीं, बल्कि विदेशों के बाजारों तक पहुंच रहा है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, डीआरडीए निदेशक सागरी बराल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रमुख सीताकांत मंडल, जेएसएलपीएस के डीपीएम सुशील दास, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
