देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर चलाए जा रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत देवघर पुलिस ने एक अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी की कुल नौ मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनमें कई वाहनों का संबंध मधुपुर और नाला थाना के दर्ज मामलों से है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की रात पालाजोरी थाना पुलिस अनारकली हाई स्कूल मैदान के पास वाहन जांच और अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान जामताड़ा निवासी संजय चार के रूप में हुई। उसके पास से बरामद सुपर स्प्लेंडर बाइक के कागजात नहीं मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी धीरेन मंडल और केदार मंडल के साथ मिलकर बाइक चोरी कर 10 से 15 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की।
संजय की निशानदेही पर धीरेन मंडल को गिरफ्तार कर दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके बाद धीरेन की सूचना पर केदार मंडल को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से छह और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुईं। बरामद वाहनों में सुपर स्प्लेंडर, अपाची, पल्सर, ग्लैमर, पैशन प्रो, स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स जैसी बाइक शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच शुरू कर दी है।
