देवघर। आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को सूचना भवन में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी तैयारियां हर हाल में शत-प्रतिशत पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। लापरवाही या कार्य में देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बाबा मंदिर, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, परिवहन विभाग, भवन प्रमंडल, राष्ट्रीय उच्च पथ, विद्युत विभाग, पथ निर्माण विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, आवासन, पार्किंग, सड़क, नाली, निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति के साथ वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित जलार्पण की सुविधा मिल सके। मेला क्षेत्र की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, मंदिर प्रभारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी की टीम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
