देवघर: श्रावणी मेला 2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। व्यवसायियों को डरा-धमकाकर रंगदारी वसूलने और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे सौरभ पलिवार गिरोह के तीन गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन अपराधी हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बना रहे हैं और श्रावणी मेला के दौरान व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने की तैयारी कर रहे हैं। इसी दौरान आरोपियों का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वे देसी कट्टा लहराकर लोगों को धमकाते दिखाई दे रहे थे।
सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरि शरणम कुटिया के पास छापेमारी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी कुख्यात सौरभ पलिवार गिरोह से जुड़े हुए हैं। इनके खिलाफ पहले से लूट, रंगदारी, हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
श्रावणी मेला को देखते हुए पुलिस लगातार अपराधियों पर नजर बनाए हुए है। एसपी ने कहा कि मेला अवधि में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
