जामताड़ा जिले के फतेहपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) फतेहपुर मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष संजय मंडल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन मंडल महामंत्री निवारण मंडल ने किया, जबकि जिला महामंत्री सह मंडल प्रभारी अभय कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में 31 जुलाई को जामताड़ा स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जामताड़ा सदर अस्पताल में हुई घटना के बाद जिला अध्यक्ष समेत आठ भाजपा कार्यकर्ताओं पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के दबाव में झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो ने दावा किया कि संथाल परगना के विभिन्न जिलों के साथ गिरिडीह और धनबाद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने लगभग 50 हजार लोगों की भागीदारी की संभावना जताई।
बैठक में हाल ही में दिवंगत भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेता स्व. उमानाथ कोल को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में 31 जुलाई के धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
