दुमका:विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ आगामी 30 जुलाई से होने जा रहा है। मेले को लेकर दुमका जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सावन माह के दौरान लाखों श्रद्धालु बासुकीनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन-पूजन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुमका के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कौशल कुमार ने बासुकीनाथ मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मंदिर के आसपास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से जुर्माना वसूलते हुए भविष्य में सड़क पर दुकान नहीं लगाने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही बाधित नहीं होने दी जाएगी।एसडीओ ने फूड सेफ्टी टीम के साथ नाश्ता दुकानों, होटल एवं भोजनालयों का भी निरीक्षण किया। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने सावन मेले के लिए खाद्य पदार्थों की दर निर्धारित कर दी है। सभी दुकानदारों को निर्धारित मूल्य, उचित वजन और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


