देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन बाबा नगरी देवघर में शिवभक्तों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अहले सुबह 4:02 बजे से बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई। जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पहले दिन कुल 74,987 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया।
इनमें बाह्य अर्घा के माध्यम से 7,534, आंतरिक अर्घा से 63,466 तथा शीघ्र दर्शनम व्यवस्था के तहत 3,987 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर जलार्पण किया। पूरे मेला क्षेत्र में प्रशासन की ओर से सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुगम तरीके से बाबा का जलाभिषेक किया। सावन के पहले दिन उमड़ी आस्था की इस भीड़ ने एक बार फिर बाबा बैद्यनाथ धाम की धार्मिक महत्ता और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाया।


