दुमका। सावन माह की पहली सोमवारी पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही भक्त लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आए।पहली सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन ने बासुकीनाथ धाम के सभी चेक प्वाइंटों पर तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति या अव्यवस्था की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खरवार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलार्पण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोताही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से बाबा बासुकीनाथ का जलाभिषेक कर सकें।
