श्रावणी मेला में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई…………
देवघर। राजकीय श्रावणी मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को दुम्मा बॉर्डर स्थित कई होटलों, भोजनालयों और कैंपों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ज्योति होटल, दमदम होटल, बच्चू मंडल होटल, बाबा बैद्यनाथ भोजनालय, प्रिंस होटल, आनंद कृष्ण होटल, चंदन होटल, बीसीसीएल कैंटीन सहित अन्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के भंडारण, लाइसेंस एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से हल्दी, लाल मिर्च, दाल, सब्जी, चायपत्ती समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिसमें सभी नमूने मानक अनुरूप पाए गए। वहीं रूपेश होटल में बिक्री के लिए रखी गई एक्सपायरी एनर्जी ड्रिंक ‘स्टिंग’ की 24 बोतलें जब्त कर तत्काल नष्ट कराई गईं। बीसीसीएल शिविर में करीब 6 से 7 किलो मिलावटी हल्दी तथा एमडीएच चना मसाला भी नष्ट कराया गया।
