देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने शिकायत निवारण के लिए क्यूआर कोड आधारित नई व्यवस्था शुरू की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। यदि श्रद्धालुओं को शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, होल्डिंग प्वाइंट, प्रशासनिक शिविर, साफ-सफाई या कांवरिया रूटलाइन से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी दिखाई देती है, तो वे क्यूआर कोड स्कैन कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत के साथ संबंधित स्थान की तस्वीर भी अपलोड की जा सकती है।
शिकायत दर्ज होते ही उसकी सूचना कंट्रोल रूम में स्थापित विशेष मॉनिटरिंग सेल को प्राप्त होगी। इसके बाद संबंधित विभाग को तुरंत टैग कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे और प्रतिनियुक्त टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
उपायुक्त ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें बेहतर एवं सुगम मेला व्यवस्था का अनुभव मिल सके।
