ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
जामताड़ा: जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत नीचे पाड़ा गांव में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्रामीणों के अनुसार तेज धमाके के साथ 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन का तार तालाब में गिर गया। घटना के समय आसपास के लोग दहशत में आ गए। बिजली का करंट फैलने से तालाब में मौजूद बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं। ग्रामीणों ने अनुमान लगाया है कि इस घटना से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हाईटेंशन लाइन का तार कई दिनों से ढीला लटक रहा था। इसकी जानकारी विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) को भी दी गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। उनका आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण यह घटना हुई।घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, नुकसान का मुआवजा तथा क्षेत्र की सभी जर्जर बिजली लाइनों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट………..


