देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित टीमों ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, परिवहन एजेंसियों, पेड़ा दुकानों और भोजनालयों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान न्यू पटना ट्रांसपोर्ट एजेंसी में नंदन ब्रांड का लगभग 45 किलोग्राम एक्सपायरी घी बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं विराज ट्रेडिंग से खोया और पेड़ा के दो नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। इसके अलावा लगभग 500 किलोग्राम संदिग्ध कृष्णा ब्रांड प्रोपराइटरी फूड को बाजार से वापस लेने के निर्देश संबंधित कंपनी को दिए गए।
कार्रवाई के दौरान शिवम पेड़ा भंडार, गंगा साह पेड़ा भंडार और भागीरथ साह पेड़ा भंडार से कुल 56 किलोग्राम मिलावटी पेड़ा नष्ट कराया गया। कई अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया तथा बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण के खाद्य कारोबार करने वालों को नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला अवधि में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
