देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने शुक्रवार को मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कुमैठा से नंदन पहाड़ तक रूटलाइन का निरीक्षण कर पूरे मार्ग में मेट बिछाने, विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र, सूचना-सह-सहायता केंद्र, शुद्ध पेयजल, मोबाइल शौचालय, टोटो एंबुलेंस, विद्युत नियंत्रण कक्ष और मातृत्व विश्राम गृह को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने बाघमारा आईएसबीटी, टेंट सिटी और कोठिया टेंट सिटी का भी निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।उन्होंने मेला ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मियों से श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र एवं सेवाभावपूर्ण व्यवहार रखने की अपील करते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम से हर श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर लौटे।




