गोड्डा के पथरगामा थाना पुलिस ने हाईवे पर वाहनों को रोककर छिनतई की वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला सिंह उर्फ प्रेमशंकर सिंह (35), पप्पु पंडित उर्फ हेमंत पंडित और रितेश कुमार के रूप में हुई है। तीनों पथरगामा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब 6:30 बजे सूचना मिली कि तेलनी मोड़ हाईवे के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवक दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं और उनके पास हथियार हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को भोला सिंह घायल अवस्था में मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने दोनों साथियों के साथ हाईवे पर वाहनों को रोककर छिनतई करते थे। इसी दौरान बाइक डिवाइडर से टकरा गई और दोनों साथी उसे छोड़कर फरार हो गए।
घायल भोला को इलाज के लिए पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसके दोनों साथी भी इलाजरत मिले। पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखे गए दो देसी कट्टे बरामद किए। मामले में पथरगामा थाना कांड संख्या 90/2026 दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
