समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन समाधान दिवस के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जन समाधान दिवस में सड़क निर्माण, बकाया भुगतान, कार्य उपलब्ध कराने, घर के सामने लगे ट्रांसफार्मर को हटाने, भूमि विवाद, आवास योजना का लाभ दिलाने सहित जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर नागरिकों ने आवेदन सौंपे।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिले और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
