पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित सहायक अभियंता राणा प्रताप यादव के क्वार्टर में 28 दिसंबर की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। नगर थाना कांड संख्या 330/2025 के तहत दर्ज इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।एसडीपीओ दयानंद आजाद ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेश वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि एसपी निधि द्विवेदी को 30 दिसंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि हरिणडांगा मैदान में कुछ संदिग्ध लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद SIT ने छापेमारी कर मौके से तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी में उनके पास से दरवाजा व ताला तोड़ने के औजार, आरी-पत्ती, कटर बरामद हुए। सख्त पूछताछ में तीनों ने सहायक अभियंता के क्वार्टर में चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 125 ग्राम चांदी के जेवरात और ₹12,800 नकद भी बरामद कर लिया है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इस कांड में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है।फरार आरोपी समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
