देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 20 अगस्त 2026 को पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी तरीके से आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
आरोप है कि साइबर अपराधी FLIPKART और Amazon Pay के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank के पदाधिकारी तथा Google पर PhonePe कस्टमर केयर के नाम पर लोगों से संपर्क करते थे। इसके अलावा PM किसान योजना के नाम पर भी ठगी किए जाने की सूचना मिली थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में लोबिन दास, बबलू कुमार दास, झूलन दास, अजय कुमार दास, राहुल, सफाउला अंसारी, अजीत दास, रमेश कुमार दास, आशीष दास और सिंटु कुमार दास शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
