पाकुड़ में अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से चार परिवारों को नई उम्मीद मिली है। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अनुकंपा नियुक्ति समिति की अनुशंसा के आधार पर मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। ये नियुक्तियां 4 अगस्त 2026 को समिति की अनुशंसा के आलोक में की गई हैं।
उपायुक्त ने चारों नव नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाहरणालय, पाकुड़ में खोकन लेट को सहायक सह कम्प्यूटर संचालक, शीला माल और सरवन राय को अनुसेवक के पद पर नियुक्त किया गया। वहीं, शिक्षा विभाग में समीर मरांडी को निम्नवर्गीय लिपिक सह कम्प्यूटर संचालक पद पर नियुक्ति दी गई।
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल प्रदान करने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने तथा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है।
