जामताड़ा। फतेहपुर प्रखंड की अगैया सरमुंडी पंचायत अंतर्गत केंदुआटांड़ गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। बरसात के दिनों में सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीण कृष्णा मंडल ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को एंबुलेंस तक पहुंचाने में काफी परेशानी होती है। कालीपद बाउरी ने कहा कि वर्षों से सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। बुजुर्ग बलराम चक्रवर्ती ने जल्द सड़क निर्माण की मांग की। मुखिया उमेश्वर मुर्मू ने कहा कि समस्या संज्ञान में है। फिलहाल मोरम, मिट्टी और डस्ट डालकर रास्ता चलने लायक कराया जाएगा। स्थायी निर्माण के लिए विधायक मद से मांग की जाएगी।
