पाकुड़। समाहरणालय सभागार में अमड़ापाड़ा अंचल के मौजा सिंहदेहरी एवं धमनीचुआं के प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन (R&R) समिति की बैठक उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रभावित परिवारों के लिए प्रस्तावित पुनर्वासन पैकेज, आवास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्वासन की प्रक्रिया केवल आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहे। प्रभावित परिवारों को बेहतर जीवन-यापन के लिए रोजगार, कौशल विकास, शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाए। उन्होंने युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए मल्टी स्किल सेंटर स्थापित करने तथा पुराने सीएचसी को बेहतर स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
बैठक में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा ने प्रभावित परिवारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता बताई। इस दौरान ग्रामीणों एवं रैयत परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनकी जायज मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
