‘बिच्छू बम’ के नाम से हैं प्रसिद्ध……………
देवघर। बाबा बैद्यनाथ के प्रति आस्था और भक्ति की अनोखी मिसाल देखने को मिल रही है। पश्चिम बंगाल के रहने वाले राजकुमार महतो हाथों के बल चलते हुए सुल्तानगंज से देवघर की यात्रा पर निकले हैं। हाथों के बल चलकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले भक्तों को ‘बिच्छू बम’ के नाम से जाना जाता है। राजकुमार महतो दूसरी बार इस तरह की कठिन यात्रा कर रहे हैं। चुनौतीपूर्ण सफर के बावजूद उनके चेहरे पर उत्साह और मन में बाबा बैद्यनाथ के प्रति गहरी आस्था नजर आ रही है। राजकुमार इससे पहले भी देश के कई धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। उनके मुताबिक, अब तक वह करीब 30 हजार किलोमीटर पैदल, 8 हजार किलोमीटर साइकिल और करीब 1500 किलोमीटर रनिंग कर चुके हैं। पेशे से कराटे मास्टर राजकुमार का कहना है कि कराटे अभ्यास और आत्मअनुशासन ने उन्हें कठिन यात्राओं को पूरा करने की ताकत दी। उनकी अनोखी यात्रा श्रद्धालुओं और राहगीरों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
