जामताड़ा। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के बावजूद जामताड़ा जिले में अवैध बालू उठाव और परिवहन का मामला सामने आया है। नाला थाना क्षेत्र के नारीथोल गांव के समीप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। यह कार्रवाई नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में अवैध रूप से बालू उठाव और परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ लिया और उसे जब्त कर नाला थाना ले आई। पुलिस द्वारा बालू के उठाव और परिवहन से संबंधित आवश्यक पहलुओं की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मामला अजय नदी से अवैध बालू उठाव से जुड़ा है। अवैध बालू कारोबार का मामला पहले भी NGT में उठ चुका है। नाला पुलिस ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर की सूचना जिला खनन विभाग को दी जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब खनन विभाग की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
