बोकारो। चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी कॉलोनी के पश्चिमी टोला (पश्चिमी पाली) में गुरुवार को अज्ञात अपराधी ने एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली मार दी। गोलीबारी में पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय नरेश सिन्हा के रूप में हुई है। अपराधी ने नरेश सिन्हा, उनकी पत्नी और उनके पुत्र रोहित को गोली मारी। नरेश और उनकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं घायल रोहित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी बेहतर चिकित्सा के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) रेफर किया गया।बताया गया कि नरेश सिन्हा पूर्व में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और वर्तमान में सेवानिवृत्त थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डीएसपी ने बताया कि फिलहाल हत्या के कारण और घटना के पीछे की वजह के संबंध में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है और अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी है।
