पाकुड़। झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को हाई स्कूल एवं प्लस-2 शिक्षकों को एसआईआर कार्य में की गई प्रतिनियुक्ति से मुक्त करने की मांग को लेकर उपायुक्त को मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति के कारण विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित होने की समस्या को प्रमुखता से रखा।संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि हाई स्कूल एवं प्लस-2 स्तर पर शिक्षकों की संख्या पहले से ही सीमित है। ऐसे में शिक्षकों को विद्यालयी कार्य से हटाकर एसआईआर कार्य में प्रतिनियुक्त किए जाने से नियमित कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रतिनियुक्त शिक्षकों को एसआईआर कार्य से मुक्त कर उनके मूल विद्यालय में वापस भेजने की मांग की।संघ ने कहा कि विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन सुचारू रखना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष अंदरियास हेमब्रम एवं सचिव विजय कुमार भंडारी सहित अन्य शिक्षक शामिल थे। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए इस दिशा में जल्द आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
