रांची: पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, बीआईटी मेसरा के एमपी हॉल में आयोजित रीजनल साइंस कांग्रेस 2026 का समापन समारोह शनिवार को हुआ। समारोह में जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध के प्रति रुचि को बढ़ावा देना था।
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि आज के युग में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर सीखने और समाज के हित में नए प्रयोग एवं नवाचार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों, आयोजकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना की।
समारोह में विभिन्न जिलों के विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं शिक्षाविदों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल, प्रोजेक्ट और विभिन्न प्रस्तुतियां पेश कीं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार, इंजीनियर नवल किशोर, डॉ. आनंद प्रसाद सिन्हा, आर.के. चौधरी सहित विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का आभार जताया।

