पाकुड़िया ,पाकुड़। केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में शनिवार को पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय में झामुमो के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोतीलाल हांसदा ने की। मुख्य अतिथि महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, केंद्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी और जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे शामिल हुए।धरना से पहले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिद्धू-कान्हू चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पैदल मार्च करते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि पार्टी विधेयक के खिलाफ लंबी और निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार है। उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक वापस लेने की मांग की।उपासना मरांडी ने कहा कि झारखंड खनिज आधारित राज्य है और खनन से मिलने वाले राजस्व का राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। उनके अनुसार, विधेयक से राज्य के वित्तीय हित और जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।हरिवंश चौबे ने केंद्र सरकार पर राज्य के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इसके बाद झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ को राष्ट्रपति के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर विधेयक वापस लेने की मांग की। मौके पर पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
