अवैध कारोबार का खुलासा …………..
दुमका। सरैयाहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप और अल्प्राजोलम टैबलेट के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए करीब चार लाख रुपये मूल्य की दवाएं बरामद की हैं। 23 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चरकापाथर गांव स्थित बिजली कैंप के समीप एक मकान में छापेमारी की। यहां से पांच कार्टून कफ सिरप और अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार मकान मो. इरशाद मियां का है, जिसे हंसडीहा निवासी इजराइल अंसारी, यूसुफ अंसारी उर्फ युनुस अंसारी और शमशेर अंसारी उर्फ केलू ने किराये पर लिया था। पूछताछ के आधार पर देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बलथर गांव स्थित एक किराये के कमरे में भी छापेमारी की गई, जहां से पांच कार्टन कफ सिरप बरामद हुआ।
पूरी कार्रवाई में 100 एमएल की 1710 बोतल कफ सिरप और 7200 अल्प्राजोलम टैबलेट जब्त की गई हैं। पुलिस दवाओं के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। औषधि निरीक्षक से दवाओं की वैधता और लाइसेंस की जांच भी कराई जाएगी। थाना प्रभारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
