रांची। राजधानी में खराब मौसम के बीच शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जेवियर स्कूल की बच्चों से भरी बस पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि तेज हवा और बारिश के बीच अचानक पेड़ बस के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद बच्चों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। राहत की बात यह रही कि समय रहते बड़ा नुकसान होने से बच गया।
घटना ने खराब मौसम के दौरान स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश और तेज हवाओं के बीच जब पेड़ गिरने तथा अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में स्कूलों को खोलने और बच्चों को बसों से लाने-ले जाने की व्यवस्था को लेकर अभिभावकों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
अभिभावकों का कहना है कि मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रबंधन और प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में जर्जर व खतरनाक पेड़ों की समय-समय पर जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाने की जरूरत है।
