ज्वेलरी दुकानदारों के साथ एसपी ने की बैठक…………
पाकुड़। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में जिले के सभी ज्वेलरी शॉप संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसपी ने दुकानदारों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी अनुदीप सिंह ने ज्वेलरी दुकानों में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सभी कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन कराने और दुकान के अंदर-बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी सायरन तथा मुख्य गेट या ग्रिल में सुरक्षा चैन लगाने को भी कहा गया।
उन्होंने दुकानों में पुलिस हेल्पलाइन 112, फायर सेफ्टी और एंबुलेंस सहित जरूरी हेल्पलाइन नंबरों का पोस्टर लगाने का निर्देश दिया। एसपी ने चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से पूरी तरह बचने और किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में थाना/ओपी प्रभारी और ज्वेलरी संचालकों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिले के सभी थाना/ओपी प्रभारी मौजूद रहे।
