देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में शहरी परिवहन, यातायात, सड़क सुरक्षा एवं खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को जिले के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर तय समय-सीमा में सुधार कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर ANPR कैमरों के माध्यम से निगरानी और ऑनलाइन ई-चालान की व्यवस्था लागू करने की बात कही गई।
उपायुक्त ने बिना हेलमेट, ट्रिपलिंग, रैश ड्राइविंग, बिना सीट बेल्ट और अनधिकृत वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया। अगस्त 2026 में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 1,078 चालान काटे गए और 13.30 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।
स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और साइबर अपराध को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया। सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी समय पर iRAD/eDAR पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया। वहीं, घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन को सम्मान और नियमानुसार लाभ देने की बात कही गई।
खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन व बालू परिवहन पर कार्रवाई, वाहनों को जुर्माने के साथ निरुद्ध करने तथा शहरी क्षेत्र में चार चेकपोस्ट बनाने का निर्देश दिया गया।
