रांची। आगामी दुर्गापूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान पूजा समितियों ने पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया।
उपायुक्त ने पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने समितियों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गापूजा मनाने की अपील की।
उपायुक्त ने विशेष रूप से मूर्ति विसर्जन के दौरान संबंधित थाना के साथ समन्वय बनाए रखने, निर्धारित ध्वनि मानकों एवं अन्य नियमों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था और आमजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।
मुलाकात के दौरान पूजा समितियों के सदस्यों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। बैठक में आगामी दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन और पूजा समितियों के बीच समन्वय पर जोर दिया गया।

