परिवार में मचा कोहराम…………
पाकुड़। अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र के गौरपाड़ा गांव में 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय महिला कमली पहाड़िन की मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी हड़िया पहाड़िया की पत्नी कमली पहाड़िन के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पति हड़िया पहाड़िया दृष्टिबाधित हैं। वहीं, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनके दोनों बेटे कालू पहाड़िया और जामा पहाड़िया रोजगार की तलाश में केरल गए हुए हैं। दोनों वहां मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में महिला की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दृष्टिबाधित पति के सामने अब जीवनयापन की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। वहीं, दोनों बेटों के घर से दूर रहने के कारण परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से गांव में शोक का माहौल है। घटना ने एक बार फिर हाईटेंशन बिजली तारों से होने वाले हादसों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
