खूंटी। आरसी स्कूल के फादर बेनेडिक्ट बारला पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मामले में तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है, जबकि चौथा आरोपी फरार है। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
एसपी के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे चोरी के इरादे से आरोपी स्कूल में दाखिल हुए थे। वे कब्रिस्तान की ओर से पीछे के रास्ते से स्कूल परिसर में घुसे थे। इसी दौरान चोरी करते समय फादर वहां पहुंच गए। आरोपियों और फादर के बीच हाथापाई हुई, जिसमें उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल फादर को पहले सदर अस्पताल और फिर पल्स हॉस्पिटल रेफर किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी स्कूल के पूर्व छात्र रह चुके हैं। पूछताछ में उन्होंने पहले भी फादर के कमरे से पैसे चुराने की बात स्वीकार की। इस बार दुर्गा पूजा मेले में घूमने के लिए अधिक पैसों की जरूरत के कारण चोरी की योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 85,747 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, कुदाल जैसा हथियार, घटना के समय पहने कपड़े और चोरी के पैसों से खरीदा गया एक एमआईवीआई होम थिएटर बरामद किया है। एसपी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
