विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर राखी और उनके पिता त्रिदीप साहू को किया गया सम्मानित।
पाकुड़। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर पाकुड़िया की बेटी राखी साहू ने बड़ी कामयाबी हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उषा देवी सरस्वती शिशु मंदिर की पूर्व छात्रा राखी साहू जीएसटी इंस्पेक्टर बनी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।राखी की सफलता को क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। छोटे से क्षेत्र से निकलकर प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली राखी ने साबित किया है कि निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है। उनकी उपलब्धि पाकुड़िया की अन्य बेटियों और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।राखी की इस सफलता पर उषा देवी सरस्वती शिशु मंदिर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से राखी साहू और उनके पिता त्रिदीप साहू को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।राखी की कामयाबी उन विद्यार्थियों के लिए संदेश है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र में शिक्षा और मेहनत के प्रति सकारात्मक प्रेरणा मिलेगी। उम्मीद है कि राखी अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगी तथा आगे भी पाकुड़िया का नाम रोशन करती रहेंगी।
